Thursday, October 29, 2026
Google search engine
Homeदेशवडोदरा में कराई गई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, राजकोट एयरपोर्ट के पास...

वडोदरा में कराई गई फ्लाइट की इमरजेंसी लैंडिंग, राजकोट एयरपोर्ट के पास रनवे में लगी आग, 100 से ज्यादा यात्री थे सवार

गुजरात के राजकोट स्थित हीरासर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर पक्षियों को भगाने के लिए पटाखे फोड़ना उस समय परेशानी का कारण बन गया, जब उनकी चिंगारी से रनवे के पास सूखी घास में आग लग गई। आग से उठे घने धुएं के कारण रनवे के आसपास दृश्यता काफी कम हो गई। सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए दिल्ली से राजकोट आ रही एअर इंडिया की फ्लाइट को वडोदरा की ओर डायवर्ट करना पड़ा। विमान को वडोदरा एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया, जिसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली।

पटाखों की चिंगारी से सूखी घास में लगी आग
जानकारी के मुताबिक, एयरपोर्ट परिसर में पक्षियों को रनवे से दूर रखने के लिए पटाखे फोड़े जा रहे थे। इसी दौरान पटाखों से निकली चिंगारी पास की सूखी घास में जा गिरी। देखते ही देखते आग फैल गई और आसपास धुएं का गुबार छा गया। इसका असर रनवे की दृश्यता पर पड़ा, जिससे विमानों की सुरक्षित लैंडिंग को लेकर चिंता बढ़ गई।

घटना की जानकारी मिलते ही एयरपोर्ट की अग्निशमन टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। इस दौरान विमान परिचालन की सुरक्षा को प्राथमिकता दी गई।

हवा में लगाने पड़े चार चक्कर, फिर वडोदरा डायवर्ट हुई फ्लाइट
दिल्ली से राजकोट आने वाली एअर इंडिया की सुबह की फ्लाइट निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सुबह 10:25 बजे पहुंचने वाली थी। लेकिन रनवे के पास धुआं फैलने के कारण एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) ने लैंडिंग की अनुमति नहीं दी।

सुरक्षा कारणों से पायलट को विमान हवा में ही चक्कर लगाकर इंतजार करना पड़ा। बताया गया कि विमान ने हवा में चार चक्कर लगाए। इसके बावजूद जब दृश्यता में सुधार नहीं हुआ, तो विमान को वडोदरा डायवर्ट करने का फैसला लिया गया। वहां विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई। विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे।

राजकोट पहुंचने में हुई देरी, दिल्ली की उड़ान भी प्रभावित
रनवे के आसपास की स्थिति सामान्य होने के बाद विमान वडोदरा से राजकोट के लिए रवाना हुआ और दोपहर करीब 12:20 बजे राजकोट पहुंचा। इसके बाद विमान दोपहर 1:11 बजे राजकोट से दिल्ली के लिए रवाना हो सका।

इस घटनाक्रम के चलते यात्रियों को कई घंटे की देरी और असुविधा का सामना करना पड़ा। हालांकि, विमान को सुरक्षित उतारे जाने से किसी बड़े हादसे की आशंका टल गई।

 

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments