पंजाब के होशियारपुर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। हरियाणा कस्बे के धूत कलां गांव में एक पिता पर अपनी 17 वर्षीय बेटी की कृपाण से हत्या करने का आरोप लगा है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही थाना हरियाणा की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी बेटा न होने की बात को लेकर नाराज रहता था।
सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की छात्रा थी मृतका
मृतका की पहचान इंद्रप्रीत कौर के रूप में हुई है। वह गांव धूत कलां के सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा में पढ़ती थी। परिजनों और परिचितों के अनुसार, वह पढ़ाई में होशियार थी। बेटी की मौत के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है और उसकी मां का रो-रोकर बुरा हाल है।
मामा ने लगाए गंभीर आरोप
मृतका के मामा मनजीत सिंह ने बताया कि आरोपी शुरू से ही बेटा चाहता था। उन्होंने कहा कि परिवार को अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह का कदम उठा सकता है। घटना के बाद परिजनों ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, आरोपी की तलाश जारी
डीएसपी देहाती नरेंद्र सिंह के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब 7:15 बजे घटना की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की और संबंधित लोगों से पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में पिता द्वारा कृपाण से हमला कर बेटी की हत्या किए जाने की बात सामने आई है। मृतका की मां बलजीत कौर के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
बेटे की चाहत को लेकर नाराजगी की बात आई सामने
पुलिस की शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अपनी इकलौती बेटी होने को लेकर नाराजगी जताता था। हालांकि, घटना के पीछे की पूरी वजह और परिस्थितियों का पता विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वारदात के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और उसे गिरफ्तार करने के लिए कार्रवाई की जा रही है। इस घटना ने इलाके में शोक और चिंता का माहौल पैदा कर दिया है।


