पश्चिम बंगाल के बांकुरा जिले में पारिवारिक विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। बरजोरा थाना क्षेत्र के पाखन्ना गांव में शनिवार तड़के एक महिला ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से हमला कर अपने पति की हत्या कर दी। वारदात के समय उनकी पांच साल की बेटी भी मौके पर मौजूद थी। पति को बचाने पहुंचे जेठ पर भी महिला ने कुल्हाड़ी से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने आरोपी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
मृतक की पहचान उज्ज्वल चक्रवर्ती के रूप में हुई है। पुलिस और स्थानीय लोगों के मुताबिक, उज्ज्वल की शादी वर्ष 2017 में मनोहर गांव की रहने वाली झूमा चक्रवर्ती से हुई थी। दंपती की एक पांच साल की बेटी है। बताया जा रहा है कि शादी के बाद से ही झूमा अपने पति पर भाइयों और संयुक्त परिवार से अलग रहने का दबाव बना रही थी। इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता रहता था।
शनिवार तड़के उज्ज्वल के बड़े भाई सनत चक्रवर्ती ने अचानक कमरे से किसी भारी वस्तु के गिरने जैसी तेज आवाज सुनी। आवाज सुनकर वह भाई के कमरे की ओर दौड़े। वहां पहुंचने पर उन्होंने देखा कि झूमा अपनी बेटी के सामने ही उज्ज्वल की गर्दन पर कुल्हाड़ी से वार कर रही थी। सनत ने उसे रोकने की कोशिश की तो महिला ने उन पर भी हमला कर दिया। इस दौरान उनके हाथ में गंभीर चोट आई।
घटना की सूचना मिलते ही बरजोरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और खून से लथपथ उज्ज्वल के शव को कब्जे में लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए बांकुरा सम्मिलानी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी झूमा को गिरफ्तार करने के साथ वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी जब्त कर ली है। हथियार को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।


