दिवाली पर कर्मचारियों को बोनस देने की परंपरा तो पुरानी है, लेकिन राजस्थान के एक उद्योगपति ने अपने कर्मचारियों के लिए ऐसा तोहफा दिया है, जिसकी चर्चा सोशल मीडिया पर खूब हो रही है। बीकानेर के रहने वाले और सूरत में कपड़ों का बड़ा कारोबार करने वाले कारोबारी रामस्वरूप मूंड ने अपने 50 कर्मचारियों में से प्रत्येक को 1 लाख नकद बोनस और विशेष उपहार दिए। उनके इस कदम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
बोले- मेरी तरह कर्मचारियों के घरों में भी मने दिवाली
रामस्वरूप मूंड ने अपने इस फैसले के पीछे की सोच साझा करते हुए कहा कि दिवाली की खुशियां केवल उनके अपने घर तक सीमित नहीं रहनी चाहिए। उनके साथ दिन-रात मेहनत करने वाले कर्मचारियों के परिवारों को भी त्योहार की खुशियों में बराबर का हिस्सा मिलना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह किसी तरह का दिखावा नहीं, बल्कि अपनी टीम के प्रति सम्मान और अपनापन जताने का एक प्रयास है।
कर्मचारियों को मानते हैं अपनी सफलता का हिस्सा
कारोबारी का कहना है कि उनके पास कोई खजाना नहीं है जिसे वह बांट रहे हैं, बल्कि यह उनकी मेहनत और कर्मचारियों के सहयोग का परिणाम है। वह अपनी कारोबारी सफलता का श्रेय पूरी टीम को देते हैं। उनके मुताबिक, किसी भी संस्थान की तरक्की में कर्मचारियों की मेहनत और समर्पण की अहम भूमिका होती है। इसलिए त्योहार के अवसर पर उनके परिवारों की खुशियों का ध्यान रखना भी उनकी जिम्मेदारी है।
बोनस पाकर भावुक हुए कर्मचारी
1 लाख नकद और विशेष उपहार मिलने पर कर्मचारी भावुक हो गए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में उनके चेहरे की खुशी और उत्साह साफ दिखाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि रामस्वरूप मूंड ने पिछले साल भी धनतेरस पर कर्मचारियों को नकद राशि देकर सम्मानित किया था। इस बार उन्होंने बोनस की राशि और उपहारों के जरिए एक बार फिर अपनी टीम के प्रति उदारता दिखाई है। उनके इस कदम को सोशल मीडिया पर खूब सराहना मिल रही है।


