Friday, November 20, 2026
Google search engine
Homeदेशभारत में आतंकवाद के बढ़ावा देने तक पाकिस्तान से बातचीत संभव नहीं,...

भारत में आतंकवाद के बढ़ावा देने तक पाकिस्तान से बातचीत संभव नहीं, अमेरिकी दौरे पर राहुल गांधी का बड़ा बयान

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पाकिस्तान के साथ बातचीत को लेकर स्पष्ट रुख अपनाते हुए कहा कि जब तक पाकिस्तान भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देना बंद नहीं करता, तब तक दोनों देशों के बीच बातचीत संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि भारत के निर्दोष नागरिकों की हत्या करने वालों के साथ बातचीत नहीं की जा सकती। जिस दिन आतंकवाद बंद होगा, उसी दिन से बातचीत का रास्ता खुल सकता है।

अमेरिका की शिकागो यूनिवर्सिटी में छात्रों के साथ संवाद के दौरान राहुल गांधी ने भारत-पाकिस्तान संबंधों, आतंकवाद और देश में कथित वोट चोरी के मुद्दे पर अपनी राय रखी। इस दौरान एक पाकिस्तानी छात्र ने उनसे पूछा कि क्या भारत और पाकिस्तान आपसी आरोप-प्रत्यारोप से आगे बढ़कर साझा हितों के लिए मिलकर काम कर सकते हैं।

इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि इसकी गुंजाइश है, लेकिन एक बड़ी समस्या पाकिस्तान की ओर से भारत में आतंकवाद को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है कि भारत के निर्दोष लोगों की हत्या होती रहे और इसके बावजूद पाकिस्तान के साथ बातचीत जारी रखी जाए। जब आतंकवाद रुक जाएगा, तभी दोनों देशों के बीच बातचीत संभव हो सकेगी।

राहुल गांधी से बातचीत के दौरान भाजपा और चुनाव आयोग पर लगाए जा रहे कथित वोट चोरी के आरोपों को लेकर भी सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि यदि विपक्ष को लगता है कि चुनाव में गड़बड़ी हो रही है, तो वह चुनाव लड़ने का बहिष्कार क्यों नहीं करता।

इस पर राहुल गांधी ने कहा कि चुनाव का बहिष्कार करना देश के लोकतंत्र को खत्म करने जैसा होगा। भारत का लोकतंत्र उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण है और विपक्ष के चुनाव लड़ना छोड़ देने से जनता का लोकतांत्रिक व्यवस्था पर भरोसा कमजोर होगा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा भी यही चाहती है कि लोगों का लोकतंत्र से विश्वास खत्म हो जाए।

राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष हर चुनौती का सामना करेगा, हर वोट के लिए लड़ेगा और देश के सामने सच्चाई रखेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह लड़ाई सत्ता हासिल करने की नहीं, बल्कि संविधान की रक्षा करने की है। विपक्ष संविधान की सुरक्षा के लिए पहले भी मैदान में था, आज भी है और आगे भी रहेगा।

राहुल गांधी ने कथित वोट चोरी और चुनावी प्रक्रिया को लेकर विपक्ष की रणनीति पर भी बात की। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्ष का मकसद देश के सामने उन घटनाओं और मुद्दों को उजागर करना है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था को प्रभावित कर रहे हैं।

राहुल के मुताबिक, विपक्ष तब तक संघर्ष करेगा और मुश्किलें सहता रहेगा, जब तक देश के लोगों को यह एहसास नहीं हो जाता कि व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी है। उन्होंने इस लड़ाई को लोकतंत्र और संविधान से जुड़ा मुद्दा बताया।

राहुल गांधी के विदेश में दिए गए बयानों को लेकर भाजपा ने उन पर निशाना साधा है। पार्टी ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी विदेशी मंचों से भारत के खिलाफ दुष्प्रचार कर रहे हैं और देश की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष की आलोचना करते हुए कहा कि राहुल गांधी विदेश यात्राओं के दौरान भारत के बारे में गलत बातें करते हैं। भाजपा ने उनके कथित वोट चोरी के आरोपों और भारत में लोकतंत्र की स्थिति को लेकर दिए गए बयानों पर भी आपत्ति जताई।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments