भारतीय वायुसेना की ताकत के प्रतीक राफेल लड़ाकू विमानों को लेकर एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है। ब्रिटिश एविएशन मैगजीन ‘फ्लाइटग्लोबल’ ने अपनी एक ताजा रिपोर्ट में दावा किया है कि भारतीय वायुसेना के पास मौजूद सक्रिय राफेल विमानों की संख्या में चार की कमी आई है। भारत ने फ्रांस से कुल 36 राफेल लड़ाकू विमान खरीदे थे, लेकिन मैगजीन ने अपनी सूची में वर्तमान में केवल 32 राफेल विमानों को ही ऑपरेशनल बताया है। बिना किसी ठोस सबूत के पाकिस्तान के दावों पर मुहर लगाने की कोशिश करती इस रिपोर्ट पर पूर्व वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सेवा देने वाले नर्मदेश्वर तिवारी ने इस रिपोर्ट को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि मैगजीन को अपने स्रोतों की दोबारा जांच करने की सख्त जरूरत है।
पहले 35 विमान बताए और अब 32 का दावा, पूर्व एयर चीफ ने खोली रिपोर्ट की पोल
पूर्व वाइस एयर चीफ नर्मदेश्वर तिवारी ने ब्रिटिश मैगजीन के विरोधाभासी आंकड़ों पर सवाल उठाते हुए इसकी विश्वसनीयता को कटघरे में खड़ा किया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह वही मैगजीन है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर के बाद जारी अपनी रिपोर्ट में 35 सक्रिय राफेल विमानों का जिक्र किया था, लेकिन अब अचानक संख्या घटाकर 32 बता रही है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी उजागर किया कि कथित तौर पर जिस विमान को गिराए जाने का दावा करते हुए उसका टेल नंबर बताया गया था, वह विमान उसके बाद भी कई युद्धाभ्यासों में हिस्सा ले चुका है। ऐसे में मैगजीन की यह रिपोर्ट पूरी तरह तथ्यों से परे नजर आती है।
खबर छापकर जिम्मेदारी से झाड़ा पल्ला, मैगजीन ने नीचे जोड़ दिया कानूनी डिस्क्लेमर
ब्रिटिश एविएशन मैगजीन फ्लाइटग्लोबल ने भारतीय वायुसेना के विमानों की सूची जारी कर राफेल की संख्या को लेकर सनसनी तो फैला दी, लेकिन किसी भी तरह की कानूनी कार्रवाई से बचने के लिए बेहद चालाकी से अपनी जिम्मेदारी से पल्ला भी झाड़ लिया है। मैगजीन ने इस जानकारी के ठीक नीचे एक छोटा सा नोट लगाया है, जिसमें साफ लिखा गया है कि दी गई जानकारी में किसी भी तरह की गलती होने पर फ्लाइटग्लोबल की कोई कानूनी जिम्मेदारी नहीं होगी। इसके साथ ही मैगजीन ने राफेल विमानों की संख्या में कमी बताने वाले इस दावे के पीछे किसी भी आधिकारिक या पुख्ता स्रोत की जानकारी भी साझा नहीं की है।
34 हजार पाउंड लेने वाले पत्रकार की रिपोर्ट का लिया सहारा? गणतंत्र दिवस पर झूठ हुआ था बेनकाब
ऑपरेशन सिंदूर के बाद से ही पाकिस्तान लगातार भारतीय विमानों को गिराने का झूठा दावा कर रहा है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप भी अपने बयानों में इसका जिक्र करते रहे हैं। अब सवाल यह उठ रहा है कि आखिर फ्लाइटग्लोबल की इस रिपोर्ट का असली स्रोत क्या है। एक सोशल मीडिया अकाउंट के जरिए यह दावा सामने आया है कि मैगजीन ने इस रिपोर्ट के लिए पाकिस्तान समर्थक पत्रकार एलन वॉर्न्स की रिपोर्टिंग का सहारा लिया है। गौरतलब है कि वॉर्न्स को लेकर यह बात सामने आ चुकी है कि पाकिस्तानी वायुसेना ने अपना प्रोपेगेंडा फैलाने के लिए उन्हें 34,000 पाउंड का भुगतान किया था। वॉर्न्स ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया था कि संघर्ष के दौरान भारत के चार राफेल विमान बीएस-001, बीएस-021, बीएस-022 और बीएस-027 गिरे थे, लेकिन जब गणतंत्र दिवस के भव्य फ्लाईपास्ट में बीएस-022 ने आसमान में गर्जना करते हुए उड़ान भरी, तो उनके ये सारे दावे पूरी तरह झूठे साबित हो गए।
पायलट शिवांगी सिंह से लेकर S-400 तक, हर बार दुनिया के सामने पकड़ा गया पाकिस्तान का झूठ
यह कोई पहला मौका नहीं है जब भारतीय सेना को लेकर पाकिस्तान का झूठा प्रोपेगेंडा पूरी दुनिया के सामने बेनकाब हुआ हो। ऑपरेशन सिंदूर के समय पाकिस्तान ने यह झूठ भी फैलाया था कि भारतीय महिला पायलट शिवांगी सिंह का जेट गिरा दिया गया है और पाकिस्तानी सेना ने उन्हें बंदी बना लिया है, लेकिन जब शिवांगी सिंह ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के साथ तस्वीर खिंचवाकर साझा की, तो पाकिस्तान की बोलती बंद हो गई। इसी तरह पाकिस्तान ने भारत के अभेद्य एयर डिफेंस सिस्टम एस-400 को भी मार गिराने का दावा किया था, मगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उसी एस-400 के सामने खड़े होकर तस्वीरें जारी कर पाकिस्तान के झूठ की कलई खोल दी। दरअसल, भारतीय विमानों को गिराने के मामले में पाकिस्तानी मंत्री और प्रधानमंत्री खुद किसी एक आंकड़े पर टिक नहीं पाए हैं और उनके बयान लगातार बदलते रहते हैं। रक्षा विशेषज्ञों का मानना है कि भारतीय वायुसेना ने रणनीति के तहत डिकॉय यानी डमी प्लेन्स का इस्तेमाल किया था और पाकिस्तान उन्हीं नकली विमानों को गिराकर असली फाइटर जेट गिराने की झूठी खुशी मना रहा है।


