महाराष्ट्र के पुणे शहर में बुधवार दोपहर उस वक्त सनसनी और दहशत फैल गई, जब अदालत में कानूनी कार्यवाही के लिए पहुंचे एक हत्या के आरोपी की सरेआम बेरहमी से हत्या कर दी गई। दिनदहाड़े हुई इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के लिए हमलावरों ने पहले युवक पर धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ वार किए और फिर उसे गोली मार दी। सरेराह हुई इस हत्या से पूरे अदालत परिसर और आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया है।
फुटपाथ पर गिराकर धारदार हथियारों से किया हमला, दो स्कूटरों पर फरार हुए बदमाश
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान मंदार मारुति किवले के रूप में हुई है। इस दिल दहला देने वाली घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें मंदार मारुति किवले फुटपाथ पर लहूलुहान हालत में पड़ा दिखाई दे रहा है और दो हमलावर उस पर लगातार धारदार हथियारों से हमला करते नजर आ रहे हैं। सरेआम इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद हमलावर दो स्कूटरों पर सवार होकर मौके से फरार हो गए।
चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था मृतक, पुरानी रंजिश में हत्या की आशंका
पुलिस ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि मृतक मंदार मारुति किवले स्वयं हत्या के एक संगीन मामले में आरोपी था। दरअसल, पिछले साल 20 अप्रैल 2025 को पुणे के संतोषनगर कटराज इलाके में जमीन और पैसों के विवाद को लेकर शुभम सुभाष चव्हाण नामक युवक की हत्या कर दी गई थी। इसी हत्याकांड के मामले में किवले जेल में बंद था। बताया जा रहा है कि वह महज चार दिन पहले ही जेल से बाहर आया था और बुधवार को जब वह अपनी कानूनी कार्यवाही के सिलसिले में अदालत पहुंचा, तो घात लगाए बैठे हमलावरों ने उस पर जानलेवा हमला बोल दिया।
सीसीटीवी और वायरल वीडियो के आधार पर हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस
शुरुआती जांच में पुलिस इस वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की भावना से जोड़कर देख रही है। घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस की टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और सामने आए वीडियो के आधार पर फरार हमलावरों की पहचान करने और उन्हें दबोचने के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।


