
अभिनेता ऋतिक रोशन इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘फाइटर’ को लेकर चर्चा में हैं। ऋतिक आज अपना 50वां जन्मदिन मना रहे हैं। इस मौके पर हर कोई उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दे रहा है। ऋतिक के जन्मदिन के मौके पर फाइटर के मेकर्स ने एक विशेष वीडियो जारी किया है। उनके जन्मदिन पर यह वीडियो ऋतिक के फैंस के लिए किसी तोहफे से कम नहीं है।
ऋतिक रोशन के जन्मदिन पर फाइटर के मेकर्स ने जो वीडियो जारी किया गया है, वह फिल्म के सेट का है। इस वीडियो में ऋतिक रोशन की पूरी फाइटर जर्नी देखने को मिल रही है। वीडियो में उनके फिल्म से जुड़े कठोर प्रयासों और तेजतर्रार उपस्थिति को देखा जा सकता है। सोशल मीडिया पर उनका यह वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। फैंस को अभिनेता का यह वीडियो खूब पसंद आ रहा है।

मेकर्स ने वीडियो साझा कर लिखा, ‘वह हर समय स्क्रीन को रोशन कर देते हैं। उनकी शैली, करिश्मा और तेजतर्रार उपस्थिति की कोई भी सीमा नहीं है। हैप्पी बर्थडे पैटी, ऋतिक रोशन।’ वीडियो में ऋतिक फाइटर के लिए जिम में खूब पसीना बहाते हुए नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने फिल्म के लिए कड़ी मेहनत की हैं। इसके अलावा फिल्म के सेट से शूटिंग सीन, डांस रिहर्सल, ऋतिक के चलने का स्टाइल काफी कुछ वीडियो में देखने को मिल रहा है।
He lights up the screen, everytime!
The sky is not the limit for his style, charisma and dashing presence.
Happy Birthday Patty, #HrithikRoshan 🙌🏻 #Fighter Forever 🇮🇳 #FighterOn25thJan pic.twitter.com/ptW1rnx3Vh— Viacom18 Studios (@Viacom18Studios) January 10, 2024

सोशल मीडिया पर फैंस कमेंट कर ऋतिक रोशन के इस वीडियो पर खूब प्यार लुटा रहे हैं। इससे पहले फाइटर के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद ने ऋतिक के जन्मदिन पर पोस्ट साझा कर उन्हें शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने एक धन्यवाद नोट लिखकर अपने करियर के 10 वर्षों को याद किया।

फाइटर में ऋतिक रोशन के साथ दीपिका पादुकोण और अनिल कपूर अहम भूमिका में नजर आएंगे। इस फिल्म में पहली बार ऋतिक रोशन और दीपिका पादुकोण पर्दे पर रोमांस करते हुए दिखाई देंगे। दोनों सितारे एयरफोर्स अधिकारी पैटी और मिन्नी के रूप में अभिनय करेंगे, मिशन पर उतरेंगे और अपने-अपने विमानों के साथ हाई-ऑक्टेन स्टंट करेंगे। यह फिल्म गणतंत्र दिवस के मौके पर 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


