कोलकाता की नृत्यांगनाओं के साथ थिरके युवा

गोरखपुर क्लब में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कोलकाता से आए किंकिनी डांस ग्रुप की नृत्यांगनाओं के साथ युवा भी थिरके। नलिनी, मंदाकिनी, जैकिस, तान्वी व वर्षा ने अनेक गीतों पर नृत्य प्रस्तुतियां दी। संचालन चंडीगढ़ से आईं हरजीत कौर ने किया। साउंड सिस्टम लखनऊ का था। रात 12 बजे आतिशबाजी की गई। कार्यक्रम की शुरुआत सचिव डा. संजीव गुलाटी द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इस अवसर पर कीर्ति रमन, अमित वर्मा, शंभू शाह, नीरज मातनहेलिया, मृत्युंजय पांडेय, आशुतोष, संजय नेभानी उपस्थित थे। इसी क्रम में फारेस्ट क्लब में भी लोगों ने उत्साह के साथ नए साल का स्वागत किया।

सजी रहीं फूलों-गुलदस्तों की दुकानें

बाजार फूल, बुके व गुलदस्ते व उपहारों से सजे रहे। कोलकाता, पुणे व नासिक से मंगाए गए एक दर्जन से अधिक रंगों के गुलाब लोगों के आकर्षण के केंद्र रहे। गोलघर, रेती, असुरन, मोहद्दीपुर, हजारीपुर व घंटाघर में फूलों व गिफ्ट की दुकानों पर भीड़ लगी रही।

नौकायन पर उमड़ी भीड़

रामगढ़ ताल स्थित नौकायन पर बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। युवाओं की संख्या सर्वाधिक रही। सुबह से लेकर देर रात तक चहल-पहल बनी रही। लोगों ने बोटिंग का भी आनंद लिया। शुद्ध प्राकृतिक वातावरण में लजीज व्यंजनों का आनंद लिया और आपसी चर्चा में मशगूल रहे। नौकायन जाने वाली सड़क उत्सवधर्मियों से भरी रही।