हर साल मानसून में दिल्ली में जलभराव बड़ी चुनौती बनता है। बंद पड़े नाले, समय पर सफाई न होना और निकासी व्यवस्था की कमजोरियों के चलते कई इलाकों में सड़कें लबालब भर जाती हैं, जिससे यातायात बाधित होता है और आमजन को बड़ी परेशानी होती है। हालांकि, इस बार एमसीडी ने इस समस्या से निपटने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की है।
डिफेंस कॉलोनी क्षेत्र का नाले की सफाई नहीं हो सकी है और इसमें गंदा पानी भी गिर रहा है। यहां लगा फिल्टरेशन प्लांट तक चालू नहीं हुआ है। ऐसी कई खामियां हैं, जिनका खुलासा राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की ओर से नियुक्त कोर्ट कमिश्नर वकील राहुल खुराना ने 15 अप्रैल को सौंपी रिपोर्ट में किया है। डिफेंस कॉलोनी स्थित नाले तक पहुंचने के लिए बगल की सड़क से रैंप के माध्यम से केवल तीन प्रवेश बिंदु हैं। इनमें से एक टिन शीट से ढका मिला। दूसरा तारपोलिन से ढका था। तीसरे में 11 अप्रैल को एक जेसीबी नाले की सफाई करती मिली। यहां नाला का बहाव ठहरा था।


