देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना के मामलों में उछाल देखा गया है। आज सोमवार को अभी तक कोरोना के 104 एक्टिव मामले बताए जा रहे हैं।
दिल्ली में कोरोना मरीजों का आंकड़ा सौ के पार पहुंच गया है। ताजा जानकारी के मुताबिक, 104 मामलों की अब तक पुष्टि हो चुकी है। वहीं दूसरी तरफ नोएडा में चार ओर लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। जिसके बाद नोएडा में कोरोना का आंकड़ा पांच हो गया है। वहीं दिल्ली सरकार की ओर से सभी अस्पतालों को लेकर एडवाइजरी जारी हो चुकी है। बीते दिनों दिल्ली में एक ही दिन में 23 मामले सामने आए थे।
दिल्ली में अब तक 104 कोरोना के केस आए
दिल्ली समेत देश में कोरोना के मामले बढ़ते ही जा रहे हैं। बीते एक हफ्ते में देश में कोरोना के 752 नए मामले सामने आए हैं। इस दौरान 305 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दी। चिंता की बात यह है कि बीते सात दिनों में कोरोना से जान गंवाने वालों का आंकड़ा सात दर्ज किया गया है। मरने वालों महाराष्ट्र के चार, केरल के दो और कर्नाटक का एक शख्स शामिल है। नए मामलों की बात करें तो बीते एक हफ्ते में (19 मई के बाद) सबसे ज्यादा 335 मामले केरल, 153 महाराष्ट्र, 99 दिल्ली, 76 गुजरात और 34 कर्नाटक में आए हैं।
कोरोना के सबसे ज्यादा मामले कहां?
कुल केसों की बात करें तो केरल में कोरोना के सबसे ज्यादा 403 मामले दर्ज किए गए हैं। मुंबई में 209 और दिल्ली में अब तक 104 मामले दर्ज किए गए हैं। इन शहरों के बाद गुजरात का नंबर आता है, जहां 83 मामले दर्ज किए गए हैं। कर्नाटक में 47, उत्तर प्रदेश में 15 और पश्चिम बंगाल में 12 मामले दर्ज किए गए हैं। केंद्र सरकार की एजेंसी इंडियन SARS-CoV-2 जीनोमिक्स कंसोर्टियम (Insacog) के ताजा आंकड़ों के मुताबिक, नए कोरोना संक्रमणों में वृद्धि के बीच दो नए वेरिएंट के मामले सामने आए हैं।
अस्पतालों को एडवाइजरी जारी
सभी अस्पतालों को बेड, ऑक्सीजन, वेंटिलेटर सहित दूसरी सुविधाएं सुनिश्चित करने के लिए स्वास्थ्य सेवा महानिदेशालय ने एडवाइजरी जारी कर दी है। इसमें अस्पताल परिसर में मास्क पहनने का परामर्श दिया गया है। स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा से करें प्रशिक्षित : एडवाइजरी के अनुसार स्वास्थ्यकर्मियों को दोबारा से कोविड-19 से निपटने के लिए प्रशिक्षित किया जाए। अस्पतालों में बेड, ऑक्सीजन, एंटीबायोटिक्स, अन्य दवाओं और वैक्सीन की उपलब्धता को सुनिश्चित करें। अस्पताल में वेंटिलेटर, बाई-पैप, ऑक्सीजन कंसंट्रेटर, पीएसए आदि सभी उपकरण कार्यात्मक स्थिति में हो।
मामलों को रोजाना करना होगा रिपोर्ट
अस्पतालों को सभी स्वास्थ्य सुविधाओं (ओपीडी/आईपीडी) में इन्फ्लूएंजा जैसी बीमारी (आईएलआई) और गंभीर तीव्र श्वसन बीमारी (एसएआरआई) के मामलों को रोजाना आधार पर रिपोर्ट करना होगा। एकीकृत स्वास्थ्य सूचना प्लेटफॉर्म पोर्टल पर अपडेट करेंगे। इन्फ्लूएंजा और कोविड-19 मामलों को भी अस्पताल एल फॉर्म के तहत आईएचआईपी पर रिपोर्ट करेंगे। दिल्ली राज्य स्वास्थ्य डेटा प्रबंधन पोर्टल पर रोजाना ब्योरा देना होगा।


