Tuesday, October 27, 2026
Google search engine
Homeदेशकर्नाटक के तटीय इलाकों और केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट,...

कर्नाटक के तटीय इलाकों और केरल में भारी बारिश का रेड अलर्ट, एनडीआरएफ टीमें तैनात

जलभराव और भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में पूरे तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है।

केरल में मानसून का आगमन हो गया है और इसके साथ ही देश में मानसूनी बारिश का दौर शुरू हो गया है। महाराष्ट्र में भारी बारिश हो रही है। वहीं कर्नाटक के तटीय इलाकों में अगले पांच दिनों तक भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया गया है। वहीं केरल के कई जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया गया है। प्रशासन ने लोगों को सावधान रहने के निर्देश दिए।

तटीय इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट
कर्नाटक के तटीय इलाके दक्षिणी कन्नड़ जिले में बीते दो दिनों से तेज बारिश हो रही है, जो सोमवार को भी जारी रही। मौसम विभाग ने कर्नाटक के तटीय इलाकों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। हालात को देखते हुए सरकार ने एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की तैनाती करने का फैसला किया है। मंगलूरू शहर में भारी बारिश के चलते जगह-जगह जलभराव की समस्या हो गई है और सड़कों पर पानी भरने के चलते ट्रैफिक भी जाम हो गया है। पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन की छिटपुट घटनाएं भी हुई हैं। जिन इलाकों में बड़े पैमाने पर जलभराव की समस्या हुई है, उनमें मंगलूरू शहर के कोट्टारा जंक्शन, मालेमार, महावीरा सर्किल, उर्वा, माताडाकिनी, कुडरोली, कोडियाबेल आदि इलाके शामिल हैं।

 

एनडीआरएफ और एसडीआरएफ टीमें तैनात
जलभराव और भारी बारिश को देखते हुए जिले के सभी आंगनवाड़ी केंद्र बंद करने का आदेश दिया गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों में पूरे तटीय इलाकों में भारी बारिश का अनुमान है। प्रशासन ने पुत्तूर में एनडीआरएफ की एक टीम को तैनात किया है और मंगलूरू और सुब्रमण्य इलाकों में एसडीआरएफ की टीमें तैनात हैं और उन्हें अलर्ट पर रखा गया है। जेसीबी, नौकाएं आदि को भी तैयार रखा गया है। भारी बारिश के चलते नदियों के किनारों पर स्थित निचले इलाकों में बाढ़ की आशंका है।

बेलगावी में दीवार गिरने से बच्ची की मौत
कर्नाटक के बेलगावी में भारी बारिश के चलते एक दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर एक तीन साल की बच्ची की मौत हो गई। हादसे में मारी गई बच्ची की पहचान कृतिका के रूप में हुई है। हादसे में बच्ची की मां और छोटी बहन भी घायल हुई हैं। हादसा बेलगावी के महालिंगेश्वर नगर इलाके में हुई। जहां कृतिका अपने परिवार के साथ अपने घर में सो रही थी, उसी दौरान पड़ोसी के घर की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में आकर बच्ची की मौत हो गई।

केरल के उत्तरी जिलों में भारी बारिश 
केरल के उत्तरी जिलों में भारी बारिश हो रही है। हालात को देखते हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजा गया है। बारिश और तेज हवाओं के चलते बड़ी संख्या में पेड़ उखड़ गए हैं और पानी के स्त्रोत उफान पर हैं। पुझमकुनी और वायनाड जैसे इलाकों से कई आदिवासी परिवार सुरक्षित स्थानों पर चले गए हैं। एनडीआरएफ की टीमें प्रभवित जिलों में कैंपिंग कर रही हैं। पलक्कड़ जिले में हालात काफी खराब हैं। केरल में रविवार से ही बारिश हो रही है। प्रशासन ने लोगों को नदी और समुद्र के किनारे जाने से मना किया है। साथ ही जिन इलाकों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है, वहां लोगों को सावधान रहने की हिदायत दी गई है। केरल के इडुक्की, कोट्टयम, एर्नाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, मलाप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कुन्नूर जिलों में बारिश के साथ ही तेज हवाओं का भी अलर्ट जारी किया गया है। कुछ इलाकों में जलभराव और भूस्खलन की भी आशंका जताई गई है।

भारी बारिश के बीच फंसे पांच पर्यटकों को बचाया गया
कर्नाटक के तटीय जिले दक्षिण कन्नड़ में भारी बारिश के चलते एरागुंडी झरने के पास पांच पर्यटक फंस गए थे। सूचना मिलने के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस ने पांचों को सुरक्षित बचा लिया। पुलिस ने बताया कि पर्यटकों ने प्रशासन की चेतावनी को नजरअंदाज किया और झरने के ऊपर वाले इलाके में पहुंच गए, लेकिन अचानक से झरने का जल स्तर बढ़ने से वहां फंस गए। जब लोगों ने मदद के लिए शोर मचाया तो स्थानीय लोगों ने पुलिस की मदद से सुरक्षित बचा लिया गया। प्रशासन ने भारी बारिश के चलते लोगों को झरनों और पहाड़ी इलाकों में न जाने की सलाह दी थी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments