सुप्रीम कोर्ट से हाल ही में प्रधान न्यायाधीश सेवानिवृत्त हुए हैं। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की तैनाती के लिए कर्नाटक, गुवाहाटी और बॉम्बे हाईकोर्ट के जजों के नाम की सिफारिश की है।
गुवाहाटी और कर्नाटक हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश समेत तीन जज सुप्रीम कोर्ट ने आएंगे। सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने तीन जजों के नाम की सिफारिश की है। कॉलेजियम ने सोमवार को कर्नाटक उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश एनवी अंजारिया, गुवाहाटी उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश विजय बिश्नोई और बंबई उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति ए एस चंदुरकर को शीर्ष अदालत के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त करने की सिफारिश की।
प्रधान न्यायाधीश बीआर गवई की अध्यक्षता वाले पांच सदस्यीय कॉलेजियम ने पूर्व प्रधान न्यायाधीश संजीव खन्ना और न्यायमूर्ति अभय एस ओका, न्यायमूर्ति ऋषिकेश रॉय के सेवानिवृत्त होने के बाद शीर्ष अदालत में न्यायाधीशों के तीन मौजूदा रिक्त पदों के लिए नामों की सिफारिश करने का फैसला किया। न्यायमूर्ति बेला एम त्रिवेदी भी 9 जून को सेवानिवृत्त होंगी। सर्वोच्च न्यायालय में न्यायाधीशों की स्वीकृत संख्या 34 है। वर्तमान में यह 31 न्यायाधीशों के साथ काम कर रहा है।


