पंजाब पुलिस के स्टेट स्पेशल ऑपरेशन सेल मोहाली को कामयाबी हासिल हुई है। सेल ने पाकिस्तानी ISI समर्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल आतंकी नेटवर्क से संबंधित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव ने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट डालकर यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पकड़े गए लोगों से दो हैंड ग्रेनेड, एक ग्लॉक पिस्तौल और गोला-बारूद बरामद किया गया।
पुलिस ने दावा किया कि आरोपी अमृतसर में पुलिस ठिकानों पर हमला और टारगेट किलिंग की योजना बना रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से एक बड़ी आतंकी साजिश को नाकाम कर दिया गया है। यह मॉड्यूल यूके में बैठे निशान सिंह और पाकिस्तान में छिपे आतंकी हरविंदर रिंदा द्वारा चलाया जा रहा था। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सहजपाल सिंह और विक्रमजीत सिंह के रूप में हुई है। दोनों अमृतसर ग्रामीण के रामदास के निवासी हैं। जबकि एक आरोपी किशोर भी है। जानकारी में ये भी सामने आया है कि इनकी पंजाब में पुलिस थानों पर हमले की योजना थी। फिलहाल इस मामले में जांच की जा रही है।


