भारी बारिश के कारण पंजाब के कई जिले बाढ़ की चपेट में है। पंजाब में मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इसके अनुसार 2 सितंबर यानी आज राज्य के कई हिस्सों में तेज बारिश की चेतावनी गई गई है।
पंजाब के 23 जिले बाढ़ की चपेट में हैं। इनमें इनमें अमृतसर, बरनाला, बठिंडा, फरीदकोट, फतेहगढ़ साहिब, फिरोजपुर, फाजिल्का, गुरदासपुर, होशियारपुर, जालंधर, कपूरथला, लुधियाना, मलेरकोटला, मानसा, मोगा, पठानकोट, पटियाला, रूपनगर, नवांशहर, मोहाली, संगरूर, मुक्तसर और तरनतारन शामिल हैं। सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, अब तक 1400 गांव प्रभावित हो चुके हैं।
अब तक 30 मौतें
सबसे ज्यादा 6 मौतें पठानकोट में हुईं। लुधियाना 4 मौतों के साथ दूसरे नंबर पर है। अमृतसर, बरनाला, होशियारपुर, मानसा, रूपनगर में 3-3 मौतें हुईं। बठिंडा, गुरदासपुर, पटियाला, मोहाली और संगरूर में 1-1 मौत हुई। 3 लोग लापता हैं। सरकार ने 174 रिलीफ कैंप खोले हैं। इनमें से 116 कैंप एक्टिव हैं। इनमें 5 हजार 167 लोग रहे हैं।
हिमाचल में रेड अलर्ट; 6 NH समेत 1,311 सड़कें बंद
हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में मंगलवार को भी भारी बारिश जारी रही। सूबे में भारी बारिश से हालात बेहद खराब हो गए हैं। भारी बारिश के कारण रेल सेवा स्थगित कर दी गई है। छह राष्ट्रीय राजमार्गों समेत 1,311 सड़कें बंद हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, कुल्लू और मंडी में लगभग 2 हजार वाहन जहां तहां फंस गए हैं। स्कूलों में छुट्टी घोषित कर दी गई है। मौसम विभाग ने राज्य के कुछ इलाकों में भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है। इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा और कुल्लू जिलों के अलग-अलग हिस्सों में गरज चमक और वज्रपात के साथ भारी से ज्यादा भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है।


