जयपुर स्थित जे.के. लक्ष्मीपत यूनिवर्सिटी (JKLU) के कैंपस में एआईसी-जेकेएलयू (AIC-JKLU) के फ्लैगशिप स्टार्टअप समिट ‘आरोहण 3.0’ का शानदार समापन हुआ। इस महाकुंभ ने युवाओं में एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन की एक नई अलख जगाई है। “विकसित भारत 2047: अटल इनक्यूबेशन सेंटर्स द्वारा संचालित यूथ एंटरप्रेन्योरशिप और इनोवेशन” की थीम पर आयोजित इस भव्य समिट में देश भर से सरकारी अधिकारी, स्टार्टअप फाउंडर्स, वेंचर कैपिटलिस्ट, कॉर्पोरेट लीडर्स, नीति निर्माता और सैकड़ों छात्र शामिल हुए।
इस शानदार कार्यक्रम का आगाज जेकेएलयू के वाइस चांसलर डॉ. विजयशेखर चेल्लाबोइना के नेतृत्व में लीडरशिप इंटरेक्शन और कैंपस वॉकथ्रू के साथ हुआ। उद्घाटन समारोह में जेके ऑर्गनाइजेशन के प्रेसिडेंट (ग्रुप एचआर) श्री प्रेम सिंह ने नई पीढ़ी के इनोवेटर्स को तैयार करने में विश्वविद्यालयों और इनक्यूबेशन सेंटर्स की अहम भूमिका पर प्रकाश डाला। वहीं, भरुवा सॉल्यूशंस के प्रेसिडेंट श्री इरेन्द्रा छाबड़ा ने अपने कीनोट एड्रेस में छात्रों को एंटरप्रेन्योरशिप को महज बिजनेस नहीं, बल्कि राष्ट्र विकास के एक अहम रास्ते के रूप में देखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जब नए उद्यम आम लोगों की समस्याओं का समाधान करते हैं, तो वे सही मायनों में राष्ट्र-निर्माण करने वाले संस्थान बन जाते हैं।
उद्घाटन सत्र के बाद “छात्र स्टार्टअप्स के जरिए आत्मनिर्भर भारत: ग्लोबल कॉम्पिटिशन के साथ स्वदेशी समाधान” विषय पर एक अहम पैनल डिस्कशन हुआ। इसमें बजाज जनरल इंश्योरेंस के एचआर चीफ विक्रमजीत सिंह, एसएचआरएम के सीनियर एडवाइजर शाकुन खन्ना, डिक्सन टेक्नोलॉजीज के एचआर हेड अजमेर देशवाल और यूनिकफार्मा के सीईओ राजेश शर्मा ने अपने विचार रखे। इसके अलावा सीएल एजुकेट के संस्थापक-अध्यक्ष सत्य नारायणन आर ने “द एंटरप्रेन्योरियल माइंडसेट” पर 30 सालों का अपना अनुभव साझा किया। शिक्षा मंत्रालय के इनोवेशन सेल (AICTE) के असिस्टेंट इनोवेशन डायरेक्टर डॉ. दीपन साहू ने ‘विकसित भारत 2047’ के रोडमैप पर एक विशेष सत्र लिया और ‘फाउंडर्स प्लेबुक फॉर 2047’ विषय पर फायरसाइड चैट भी आयोजित की गई।
इस समिट में क्राउड वेंचर सेशंस और डेमो डे का भी आयोजन हुआ, जिसमें आईएएन ग्रुप, सोशल अल्फा, कैंपस फंड, सीफंड और थिंकएग जैसे कई बड़े स्टार्टअप इकोसिस्टम लीडर्स, इन्वेस्टर्स और मेंटर्स ने हिस्सा लिया। छात्रों और फाउंडर्स को इन अनुभवी निवेशकों के साथ सीधे जुड़ने और नेटवर्किंग का एक बेहतरीन मंच मिला। कार्यक्रम की अपार सफलता पर वाइस चांसलर डॉ. विजयशेखर चेल्लाबोइना ने खुशी जताते हुए कहा कि यह इवेंट भारत के अगली पीढ़ी के इनोवेटर्स की क्षमता का प्रत्यक्ष प्रमाण है। वहीं, श्री प्रेम सिंह ने कहा कि आरोहण 3.0 जैसे प्लेटफॉर्म उभरते उद्यमियों को अनुभवी मेंटर्स से जोड़ने और उनके आइडियाज को एक सफल बिजनेस में बदलने के लिए बेहद जरूरी हैं।


