LPG की किल्लत की खबरों के बीच कई घरों में लोग इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल बढ़ा चुके हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इंडक्शन चूल्हे को इस्तेमाल करने के तुरंत बाद बंद करना सही नहीं होता? ऐसा करने से आपके इंडक्शन चूल्हे को नुकसान पहुंच सकता है और वह जल भी सकता है।
दरअसल, इंडक्शन चूल्हे की कंपनियां अपने मैनुअल में स्पष्ट रूप से बताती हैं कि चूल्हे को इस्तेमाल करने के बाद कुछ समय तक स्विच ऑफ नहीं करना चाहिए। इसके पीछे मुख्य वजह इंडक्शन चूल्हे की कूलिंग प्रक्रिया होती है। इंडक्शन में खाना पकाने के दौरान काफी गर्मी पैदा होती है और इसके अंदर लगे फैन इस गर्मी को बाहर निकालते हैं। यदि चूल्हे को तुरंत बंद कर दिया जाए, तो उसके पुर्जे लंबे समय तक गर्म रहते हैं और इससे उपकरण जल्दी खराब हो सकता है।
इंडक्शन चूल्हा बंद करने का सही तरीका
इंडक्शन चूल्हे का इस्तेमाल करने वाले लोगों के लिए यह जानना जरूरी है कि चूल्हे को सही तरीके से बंद कैसे किया जाए। विशेषज्ञों और इंडक्शन बनाने वाली कंपनियों के अनुसार, खाना पकाने के बाद चूल्हे का प्लग तुरंत निकालना या स्विच ऑफ करना नुकसानदेह हो सकता है। कुकिंग के बाद चूल्हे के फैन को कुछ समय के लिए चालू रहने देना चाहिए। यह फैन चूल्हे की गर्मी को तेजी से बाहर निकालता है और इंडक्शन की कॉपर कॉइल को ठंडा करता है।
इंडक्शन चूल्हा तुरंत बंद करने के नुकसान
अगर इंडक्शन चूल्हे को तुरंत बंद कर दिया जाए, तो उसमें मौजूद पुर्जे लंबे समय तक गर्म रहेंगे। इससे चूल्हे की उम्र घट सकती है और उसमें खराबी आने का खतरा बढ़ जाता है। वहीं, अगर चूल्हे को थोड़ी देर ऑन ही रहने दिया जाए, तो फैन गर्मी को बाहर निकालते हुए पुर्जों को सुरक्षित रखता है। इसका मतलब है कि आपका इंडक्शन लंबे समय तक सही तरीके से काम करता रहेगा।
ध्यान रखने वाली बातें
इंडक्शन चूल्हे की सुरक्षा और लंबे जीवन के लिए चूल्हे के वेंट्स साफ रखना बेहद जरूरी है। इंडक्शन चूल्हों में साइड और नीचे कई कटआउट या वेंट्स होते हैं, जिनके माध्यम से फैन गर्मी बाहर निकालता है। समय के साथ ये वेंट्स चिकनाई, धूल या अन्य चीजों से ब्लॉक हो जाते हैं, जिससे फैन ठीक से काम नहीं कर पाता। इसलिए कंपनियां हमेशा वेंट्स को साफ रखने की सलाह देती हैं।
इसके अलावा, इंडक्शन का सही तापमान और नियमित सफाई भी इसके जीवन को लंबा बनाती है। खाना पकाने के तुरंत बाद चूल्हे को बंद करने की बजाय कुछ मिनट के लिए फैन को चलने देना और वेंट्स की सफाई करना आपके उपकरण को सुरक्षित रखने का सबसे आसान तरीका है।


