पंजाब में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम करते हुए सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने एक पाकिस्तानी घुसपैठिए को गोली मारकर ढेर कर दिया। घटना शुक्रवार तड़के करीब 2 बजे पठानकोट में उझ नदी के पास पहाड़पुर बॉर्डर पोस्ट के इलाके में हुई।
अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध पाकिस्तानी घुसपैठिया अंतरराष्ट्रीय सीमा की ओर बढ़ रहा था। सीमा पर तैनात BSF जवानों ने उसे रुकने की चेतावनी दी, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर आगे बढ़ना जारी रखा। इसके बाद जवानों ने गोलीबारी की, जिसमें उसकी मौत हो गई।
सर्दी का मौसम शुरू होने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों में घुसपैठ की आशंका बढ़ जाती है। खासकर घने कोहरे और कम दृश्यता का फायदा उठाकर असामाजिक तत्व सीमा पार से गतिविधियों को अंजाम देने की कोशिश कर सकते हैं। इसे देखते हुए सीमावर्ती क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी की जा रही है।
संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। पंजाब पुलिस और BSF की ओर से संयुक्त रूप से सीमा क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन भी चलाए जा रहे हैं।
सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सेकंड लाइन ऑफ डिफेंस के तहत लगाए गए पुलिस नाकों पर तैनात कर्मचारियों को विशेष सतर्कता और सख्ती बरतने के निर्देश दिए गए हैं। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ सीमावर्ती इलाकों में गश्त भी बढ़ाई जा रही है।


