Saturday, November 28, 2026
Google search engine
Homeदेशपरिसीमन बिल पर DMK के रुख ने बढ़ाई INDIA गठबंधन की चिंता,...

परिसीमन बिल पर DMK के रुख ने बढ़ाई INDIA गठबंधन की चिंता, शर्तों के साथ समर्थन देने के संकेत

परिसीमन बिल को लेकर विपक्षी खेमे में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस सांसद मनोज कुमार ने दावा किया है कि द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के कुछ सांसद शर्तों के साथ परिसीमन बिल का समर्थन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि बुधवार को स्टैंडिंग कमेटी की बैठक के दौरान उनकी DMK के कुछ सांसदों से बातचीत हुई थी। इस दौरान जब उन्होंने परिसीमन बिल पर पार्टी का रुख जानना चाहा तो सांसदों ने कहा कि कुछ शर्तों के साथ वे सरकार का समर्थन कर सकते हैं।

मनोज कुमार ने हालांकि स्पष्ट किया कि उन्हें उन शर्तों की सटीक जानकारी याद नहीं है। उन्होंने इसे अपने लिए हैरान करने वाला बताया, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि DMK इस विधेयक का समर्थन नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि अब 30 नवंबर तक इंतजार करना होगा और पार्टी का अंतिम फैसला शीर्ष नेतृत्व ही करेगा।

वहीं, DMK प्रवक्ता टीकेएस एलंगोवन ने कहा कि पार्टी ने पहले पेश किए गए परिसीमन बिल का विरोध किया था, लेकिन नए विधेयक को देखने के बाद ही अपना रुख तय करेगी। उन्होंने कहा कि सबसे पहले यह देखना जरूरी है कि सरकार ने नए बिल में क्या बदलाव किए हैं और क्या इससे राज्यों के हित प्रभावित होंगे। यदि राज्यों की चिंताओं और उनके सुझावों को नए विधेयक में जगह दी गई होगी तो पार्टी उस पर विचार कर सकती है।

दरअसल, संसद के आगामी विशेष सत्र से पहले परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर राजनीतिक समीकरणों पर चर्चा तेज हो गई है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने गुरुवार को बताया था कि सरकार ने लोकसभा की बैठक 30 नवंबर और राज्यसभा की बैठक 2 दिसंबर को बुलाने का अनुरोध किया है। आवश्यक सरकारी कामकाज के बाद सत्र 3 दिसंबर तक समाप्त हो सकता है। हालांकि, विशेष सत्र का एजेंडा अभी घोषित नहीं किया गया है।

इस बीच अटकलें हैं कि सरकार परिसीमन और महिला आरक्षण से जुड़े विधायी प्रयास को दोबारा आगे बढ़ा सकती है। अप्रैल में संविधान (131वां संशोधन) विधेयक लोकसभा में पारित नहीं हो पाया था। 17 अप्रैल को हुई वोटिंग में 298 सांसदों ने इसके समर्थन में, जबकि 230 सांसदों ने विरोध में मतदान किया था। कुल 528 वोट पड़े थे। विधेयक पारित कराने के लिए 352 वोटों की जरूरत थी और सरकार 54 वोट से पीछे रह गई थी।

लोकसभा में कुल 543 सीटें हैं, जिनमें से तीन फिलहाल खाली हैं। संविधान संशोधन विधेयक पारित कराने के लिए सदन में मौजूद और मतदान करने वाले सदस्यों के कम से कम दो-तिहाई समर्थन की जरूरत होती है। इसके साथ सदन की कुल सदस्य संख्या का बहुमत भी अनिवार्य है।

आंकड़ों के मुताबिक, एनडीए के पास सहयोगी दलों सहित 298 सांसद हैं। शिरोमणि अकाली दल की सांसद हरसिमरत कौर बादल को जोड़ने पर यह संख्या 299 हो जाती है। तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों का समर्थन मिलने की स्थिति में यह आंकड़ा 319 तक पहुंच सकता है।

इसके अलावा DMK के 22, शरद पवार की एनसीपी के 8 और वाईएसआर कांग्रेस के 4 सांसदों का समर्थन मिलने पर यह संख्या 353 तक पहुंच सकती है। ऐसे में सरकार के लिए इन दलों का रुख बेहद महत्वपूर्ण हो सकता है। हालांकि, वास्तविक बहुमत का आंकड़ा मतदान में हिस्सा लेने वाले सदस्यों की संख्या पर निर्भर करेगा।

अप्रैल में पेश किए गए संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा का आकार बढ़ाने के साथ लोकसभा और राज्य विधानसभाओं में महिलाओं के लिए एक-तिहाई आरक्षण लागू करने का प्रस्ताव था। इसके लिए महिला आरक्षण को नई परिसीमन प्रक्रिया से जोड़ने की व्यवस्था की गई थी।

अब सबकी नजरें 30 नवंबर से शुरू होने वाली संसद की कार्यवाही पर टिकी हैं। खास तौर पर DMK समेत विपक्षी दलों के रुख और सरकार की ओर से पेश किए जाने वाले नए विधेयक के स्वरूप से आगामी राजनीतिक समीकरण तय होने की संभावना है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments