Saturday, November 28, 2026
Google search engine
HomeदेशUPPSC 2025 प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द, अब दोबारा होंगे मेंस और इंटरव्यू; इलाहाबाद...

UPPSC 2025 प्रीलिम्स रिजल्ट रद्द, अब दोबारा होंगे मेंस और इंटरव्यू; इलाहाबाद हाईकोर्ट का बड़ा आदेश

उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की पीसीएस 2025 भर्ती परीक्षा में शामिल हुए लाखों अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। इलाहाबाद हाईकोर्ट ने यूपीपीसीएस 2025 प्रारंभिक परीक्षा यानी प्रीलिम्स के परिणाम को रद्द कर दिया है। अदालत ने आयोग को स्पष्ट निर्देश दिया है कि वह आरक्षण और मेरिट के नियमों के आधार पर नए सिरे से प्रीलिम्स की मेरिट लिस्ट तैयार करे। हाईकोर्ट के इस ऐतिहासिक फैसले के बाद अब न केवल प्रीलिम्स का संशोधित परिणाम जारी होगा, बल्कि इस नई मेरिट के आधार पर मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार यानी इंटरव्यू भी दोबारा आयोजित कराए जाएंगे।

जनरल कैटेगरी की मेरिट में अनदेखी पड़ी भारी, जस्टिस मनीष कुमार निगम की पीठ ने सुनाया फैसला

दरअसल, यह पूरा विवाद आरक्षित वर्ग के मेधावी अभ्यर्थियों को सामान्य श्रेणी यानी ओपन कैटेगरी की मेरिट में शामिल न किए जाने को लेकर खड़ा हुआ था। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि अधिक अंक प्राप्त करने के बावजूद उन्हें ओपन कैटेगरी में चयन का लाभ नहीं दिया गया। याचिकाकर्ताओं का तर्क था कि ओपन कैटेगरी किसी एक वर्ग विशेष के लिए आरक्षित नहीं होती और मेरिट के आधार पर सभी वर्गों के योग्य अभ्यर्थियों को इसमें स्थान मिलना चाहिए। इस मामले पर सुनवाई करते हुए जस्टिस मनीष कुमार निगम की एकल पीठ ने याचिकाकर्ताओं की दलील को सही माना और निर्देश दिया कि आरक्षित वर्ग के जिन अभ्यर्थियों के अंक सामान्य श्रेणी की कटऑफ से अधिक हैं, उन्हें ओपन कैटेगरी की मेरिट में जगह देते हुए दोबारा परिणाम तैयार किया जाए। इसके साथ ही अदालत ने आयोग से श्रेणीवार चयनित उम्मीदवारों के अंकों का पूरा ब्योरा भी तलब किया है।

814 पदों पर निकली थी भर्ती, 2297 अभ्यर्थी इंटरव्यू के लिए हो चुके थे शॉर्टलिस्ट

आयोग की इस भर्ती प्रक्रिया के आंकड़ों पर नजर डालें तो उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग ने कुल 814 पदों पर नियुक्ति के लिए फरवरी से अप्रैल 2025 तक ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए थे, जिसके लिए 6 लाख 26 हजार 387 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था। इसके बाद अक्टूबर 2025 में आयोजित प्रारंभिक परीक्षा में 2 लाख 65 हजार 270 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। आयोग द्वारा एक दिसंबर को घोषित प्रीलिम्स के नतीजों में 11 हजार 727 उम्मीदवारों को सफल घोषित किया गया था। इन सफल अभ्यर्थियों के लिए 29 मार्च से एक अप्रैल 2026 तक मुख्य परीक्षा आयोजित की गई, जिसमें 10 हजार 284 उम्मीदवार बैठे थे और इनमें से 2 हजार 297 अभ्यर्थियों को इंटरव्यू के लिए शॉर्टलिस्ट भी कर लिया गया था।

दोबारा नहीं होगा प्रीलिम्स का पेपर, पुराने अंकों के आधार पर बनेगी नई मेरिट लिस्ट

अदालत के इस आदेश के बाद अभ्यर्थियों के मन में उठ रहे संशय को दूर करते हुए याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता अभिषेक शुक्ला ने पूरी प्रक्रिया स्पष्ट की है। उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देशानुसार प्रारंभिक परीक्षा का पेपर दोबारा नहीं कराया जाएगा, बल्कि पहले हो चुकी परीक्षा में अभ्यर्थियों द्वारा प्राप्त अंकों के आधार पर ही आरक्षण नियमों का पालन करते हुए संशोधित परिणाम जारी किया जाएगा। हालांकि, इस संशोधित मेरिट लिस्ट के जारी होने के बाद चयनित होने वाले नए उम्मीदवारों के लिए आयोग को मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार की प्रक्रिया नए सिरे से आयोजित करनी होगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments