पंजाब यूनिवर्सिटी परिसर में मंगलवार शाम उस समय दहशत फैल गई, जब कैंपस के अंदर फायरिंग की घटना सामने आई। जानकारी के अनुसार, शाम करीब 5 बजे पार्किंग क्षेत्र में दो अज्ञात युवक स्कूटी पर पहुंचे और वहां मौजूद सोपू (SOPU) से जुड़े छात्र नेता जशनदीप सिंह को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं।
सूत्रों के मुताबिक, हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद जशनदीप सिंह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहे। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने दो राउंड फायर किए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और वहां से गोलियों के दो खाली खोल बरामद किए गए। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार करने का दावा किया गया है।
गौरतलब है कि विश्वविद्यालय में इन दिनों “नाइट स्टार” कार्यक्रम चल रहा है, जिसके तहत बुधवार को पंजाबी गायक सतिंदर सरताज का लाइव शो प्रस्तावित है। ऐसे में इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पहले भी हो चुकी है हिंसक घटना
पिछले वर्ष मार्च 2025 में भी इसी परिसर में हरियाणवी गायक मासूम शर्मा के शो के दौरान छात्रों के दो गुटों में हिंसक झड़प हुई थी। उस दौरान चाकूबाजी में चार छात्र घायल हुए थे, जिनमें से एक छात्र आदित्य ठाकुर की मौत हो गई थी। वह हिमाचल प्रदेश का रहने वाला और टीचर्स ट्रेनिंग का द्वितीय वर्ष का छात्र था।
उस घटना के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने कुछ समय के लिए स्टार नाइट कार्यक्रमों पर रोक लगा दी थी। हालांकि, बाद में विवाद थमने पर कार्यक्रमों को फिर से शुरू किया गया।


