पंजाब में नशे की खेप धकेलने की पाकिस्तान की एक और नापाक साजिश को भारतीय सुरक्षा बलों ने पूरी तरह से नाकाम कर दिया है। शनिवार को पंजाब पुलिस की काउंटर इंटेलिजेंस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) की संयुक्त टीम ने फाजिल्का बॉर्डर के पास एक बड़ा ऑपरेशन चलाते हुए 6.5 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस खेप की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। सुरक्षा बलों की इस मुस्तैदी ने सरहद पार बैठे तस्करों के मंसूबों पर पूरी तरह पानी फेर दिया है।
अंधेरे का फायदा उठाकर कंटीली तार तक पहुंचे पाकिस्तानी तस्कर
जानकारी के मुताबिक, काउंटर इंटेलिजेंस को सरहद पार से नशे की तस्करी होने की पक्की खुफिया सूचना मिली थी। शुरुआती जांच में यह चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि पाकिस्तान में बैठे तस्कर रात के घने अंधेरे का फायदा उठाकर ‘जीरो-लाइन’ पार करते हुए भारतीय सीमा पर लगी कंटीली बाड़ तक पहुंच गए थे। इसी बीच सतर्क बीएसएफ जवानों ने घुसपैठ और तस्करी रोकने के लिए उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही पाकिस्तानी तस्कर घबरा गए और अपनी जान बचाकर वापस भाग खड़े हुए। इसके बाद दोनों बलों ने सदर फाजिल्का के गांव महतम नगर के पास संयुक्त रूप से गहन तलाशी अभियान चलाया, जिसमें यह भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
डीजीपी का कड़ा संदेश, आम जनता से भी की यह खास अपील
इस बड़ी कामयाबी के बाद पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस पूरे ऑपरेशन की जानकारी साझा की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सीमा पार से होने वाली नशा तस्करी और इससे जुड़े अपराधों के खिलाफ पंजाब पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ की नीति पर काम कर रही है और इसमें किसी भी तरह की ढील बर्दाश्त नहीं की जाएगी। डीजीपी ने कहा कि यह कार्रवाई सीमा सुरक्षा और निगरानी को और ज्यादा मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम है। इसके साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे अपने इलाके में किसी भी संदिग्ध गतिविधि या व्यक्ति को देखते ही तुरंत स्थानीय पुलिस थाने या बीएसएफ को सूचित करें।
अमृतसर में भी पकड़े गए थे पाकिस्तान के गुर्गे और हथियारों का जखीरा
फाजिल्का से पहले बीते 15 मार्च को अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने भी पाकिस्तान के एक बेहद खतरनाक तस्करी नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने एक बड़े मॉड्यूल को क्रैक करते हुए 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया था, जिनके कब्जे से 6 अत्याधुनिक पिस्तौल, 60 जिंदा कारतूस और 3.513 किलोग्राम हेरोइन बरामद हुई थी। जांच में यह साफ हो गया था कि ये सभी आरोपी सीमा पार बैठे एक पाकिस्तानी दलाल के सीधे संपर्क में थे और भारत में हथियारों व नशे की सप्लाई चैन का अहम हिस्सा थे। लगातार हो रही इन बड़ी बरामदगियों से साफ है कि पुलिस और बीएसएफ तस्करों के इस बड़े संगठित नेटवर्क की कमर तोड़ने में जुटी हुई है।


