जालंधर में APJ स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत स्कूल में पहुंची और बच्चों की छुट्टी कर दी गई है। पुलिस ने बताया कि स्कूल को खाली करवा दिया गया है। वहीं इस दौरान मौके पर पहुंचे स्कूली बच्चों के अभिभावकों ने कहा कि उन्हें सिर्फ मैसेज आया कि सिक्योरिटी रीजन है, इसलिए वह तुरंत अपने बच्चों को घर ले जाएं।
बता दें अभी 2 दिन पहले ही BSF हेडक्वार्टर जालंधर और आर्मी कैंप अमृतसर में ब्लास्ट हुआ था, जिसके बाद लोगों में काफी डर का महौल है। वहीं इस धमकी की टाइमिंग भी CM मान से जोड़कर देखी जा रही है। CM आज अपनी शुक्राना यात्रा के चलते जालंधर में हैं, जिसको लेकर पुलिस ने कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं। इसके बीच धमकी आने से पुलिस हाईअलर्ट पर है।
वहीं, जालंधर और अमृतसर में हुए ब्लास्टों में नेशनल इन्वेस्टिगेशन एजेंसी (NIA) ने जांच शुरू कर दी है। बुधवार को टीमें दोनों जगह पहुंचीं और जांच की। इसी बीच पंजाब पुलिस ने दावा किया है कि उन्होंने विस्फोटक सप्लायर को पकड़ लिया है। पुलिस का दावा है कि इसे जमशेर इलाके से गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान नवांशहर में बंगा के रहने वाले दविंदर के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया है कि हाल ही में चंडीगढ़ में भाजपा हेडक्वार्टर के बाहर हुए ग्रेनेड अटैक में भी इसी ने ग्रेनेड सप्लाई किया था। उसे पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए विस्फोटकों की सप्लाई मिलती है, जिसे वह आगे सप्लाई करता था।


