Wednesday, November 18, 2026
Google search engine
Homeदेशभारत ने तैयार की बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 को...

भारत ने तैयार की बर्ड फ्लू की पहली स्वदेशी वैक्सीन, 20 को देश को करेंगे समर्पित मंत्री शिवराज चौहान

भारत ने बर्ड फ्लू के खिलाफ अपनी पहली स्वदेशी वैक्सीन विकसित कर ली है। मुर्गियों को जानलेवा H5N1 वायरस से बचाने के लिए तैयार की गई इस वैक्सीन को केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान 20 नवंबर को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। भोपाल स्थित भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) के राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान (NIHSAD) ने इसे विकसित किया है। सरकार का मानना है कि इस वैक्सीन से देश में बर्ड फ्लू के प्रकोप को नियंत्रित करने और पोल्ट्री किसानों को होने वाले भारी आर्थिक नुकसान को कम करने में मदद मिलेगी।

कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के मुताबिक, यह मुर्गियों के लिए विकसित निष्क्रिय H5N1 (क्लेड 2.3.2.1A) अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) वायरस वैक्सीन है। भारत में इस विशेष क्लेड के खिलाफ विकसित यह अपनी तरह की पहली स्वदेशी वैक्सीन है। इसका उद्देश्य देश में फैल रहे H5N1 वायरस से मुर्गियों को सुरक्षा प्रदान करना है।

बर्ड फ्लू को वैज्ञानिक भाषा में अत्यधिक रोगजनक एवियन इन्फ्लुएंजा (HPAI) कहा जाता है। यह मुर्गियों और अन्य पक्षियों को प्रभावित करने वाली गंभीर संक्रामक बीमारी है। इसके संक्रमण से पक्षियों की बड़े पैमाने पर मौत हो सकती है। बीमारी फैलने पर संक्रमित पक्षियों को मारना पड़ता है और व्यापार पर प्रतिबंध लगने से पोल्ट्री किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ता है।

मंत्रालय के अनुसार, वर्ष 2006 में भारत में पहली बार बर्ड फ्लू का मामला सामने आने के बाद से H5N1 और H5N8 उपप्रकारों के 500 से अधिक प्रकोप दर्ज किए जा चुके हैं। इसका असर केवल पोल्ट्री फार्म तक सीमित नहीं रहता, बल्कि वैश्विक व्यापार, पोल्ट्री उत्पादों की कीमतों और लाखों किसानों की आजीविका पर भी पड़ता है।

केंद्र सरकार के मुताबिक, बर्ड फ्लू का बड़ा प्रकोप भारत की जीडीपी वृद्धि को 1.5 प्रतिशत तक प्रभावित कर सकता है। यदि बीमारी पर समय रहते नियंत्रण नहीं किया गया, तो देश की 20 प्रतिशत से अधिक पोल्ट्री आबादी के संक्रमित होने और उसे नष्ट करने की नौबत आ सकती है।

वर्ष 2006 में बर्ड फ्लू के प्रकोप के कारण प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से करीब 2,200 से 3,000 करोड़ रुपये का नुकसान होने का अनुमान लगाया गया था। वहीं, मणिपुर में बीमारी के एक प्रकोप से राज्य की जीडीपी के 0.5 प्रतिशत के बराबर आर्थिक नुकसान हुआ था।

बर्ड फ्लू केवल पशु-पक्षियों तक सीमित रहने वाली बीमारी नहीं है, बल्कि यह सार्वजनिक स्वास्थ्य के लिहाज से भी चिंता का विषय है। विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के अनुसार, वर्ष 2003 से अब तक भारत समेत 25 देशों में H5N1 एवियन इन्फ्लुएंजा के 1,003 मानव मामले सामने आए हैं। इनमें 479 लोगों की मौत हुई है।

मंत्रालय के अनुसार, हाल के वर्षों में H5N1 वायरस का संक्रमण स्तनधारियों समेत कई अन्य पशु प्रजातियों में भी पाया गया है। इसके अलावा, मनुष्यों में भी संक्रमण के तीन मामले सामने आए हैं। ऐसे में वायरस के प्रसार को रोकना बेहद जरूरी है।

वायरस के अध्ययन में सामने आया है कि H5N1 का क्लेड 2.3.2.1A स्वरूप भारत में मुर्गियों के बीच बर्ड फ्लू के अधिकांश प्रकोपों के लिए जिम्मेदार रहा है। केंद्र सरकार के मुताबिक, फिलहाल इस विशेष क्लेड के खिलाफ सुरक्षा देने वाली कोई विशिष्ट व्यावसायिक वैक्सीन उपलब्ध नहीं है।

ऐसे में भोपाल स्थित ICAR-राष्ट्रीय उच्च सुरक्षा पशु रोग संस्थान की ओर से विकसित स्वदेशी वैक्सीन महत्वपूर्ण मानी जा रही है। इससे पोल्ट्री क्षेत्र को बीमारी के आर्थिक नुकसान से बचाने के साथ ही वायरस के मुर्गियों से अन्य पशुओं और मनुष्यों तक फैलने के खतरे को कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

- Advertisment -
Google search engine

Most Popular

Recent Comments