पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा भारत-पाक अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे हल्का अजनाला को एक बड़ी सौगात के रूप में पहले चरण में 34 गांवों में आधुनिक मॉडल खेल मैदानों के निर्माण हेतु 10.34 करोड़ रुपये की राशि जारी की गयी है।
पूर्व कैबिनेट मंत्री कुलदीप सिंह धालीवाल ने बताया कि स्वस्थ नौजवान किसी भी देश और प्रदेश की सबसे बड़ी पूंजी होते हैं, लेकिन पूर्ववर्ती कांग्रेस और अकाली-भाजपा सरकारों की नाकाम नीतियों के कारण अजनाला जैसे सरहदी और पिछड़े इलाकों के नौजवानों को खेलों से जोड़ने की बजाय वोट बैंक की राजनीति के तहत नशों की ओर धकेला गया। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी के कारण नौजवान नशे की दलदल में फंसते गये, लेकिन अब भगवंत मान सरकार ने प्रवीणता के आधार पर, बिना रिश्वत और सिफारिश के रोजगार के दरवाजे खोल दिये हैं और खेलों एवं गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए बड़े स्तर पर प्रयास किये जा रहे हैं।
पूर्व मंत्री श्री धालीवाल ने कहा कि जहां पहले खुले मैदानों या जर्जर हालत के खेल ग्राउंडों में भटके हुए नौजवान नशा करते या मादक पदार्थ बेचते देखे जाते थे, वहीं अब 10.34 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इन आधुनिक खेल मैदानों में नौजवान अपनी सेहत के प्रति सजग होकर खेलों में प्रदर्शन करते नजर आयेंगे। ये मैदान खिलाड़ियों के लिए नर्सरी का काम करेंगे, जहां से राज्य, राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी तैयार होकर अपने माता-पिता, गांव, जिला और राज्य का नाम रोशन करेंगे।


