शिखर धवन ने हाल ही में अपनी गर्लफ्रेंड सोफी शाइन से धूमधाम से दूसरी शादी की। इस समारोह में रोहित शर्मा, राहुल द्रविड़, इरफान पठान और सुरेश रैना जैसे कई पूर्व और वर्तमान भारतीय क्रिकेटर शामिल हुए। शादी के कुछ ही दिन बाद धवन को कानूनी मोर्चे पर बड़ी राहत मिली है।
दिल्ली के फैमिली कोर्ट ने उनकी पूर्व पत्नी आयशा मुखर्जी को आदेश दिया है कि वे करीब 5.72 करोड़ रुपये शिखर धवन को वापस करें। धवन और आयशा का तलाक 2023 में हुआ था, जिसके बाद से दोनों के बीच संपत्ति को लेकर कानूनी विवाद चल रहा था।
क्या है पूरा मामला?
आयशा मुखर्जी ऑस्ट्रेलियाई नागरिक हैं। तलाक के बाद उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के फैमिली कोर्ट में प्रॉपर्टी सेटलमेंट के तहत दावा किया था। ‘प्रॉपर्टी सेटलमेंट’ एक कानूनी प्रक्रिया है, जिसमें पति-पत्नी की वैवाहिक संपत्ति का बंटवारा किया जाता है। ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने धवन को लगभग 5.72 करोड़ रुपये आयशा को देने का आदेश दिया था। इसी आदेश के तहत धवन ने यह रकम अदा की थी।
दिल्ली कोर्ट ने क्यों पलटा आदेश?
दिल्ली फैमिली कोर्ट ने ऑस्ट्रेलियाई अदालत के आदेश की वैधता पर सवाल उठाया। कोर्ट का मानना था कि ऑस्ट्रेलिया का ‘प्रॉपर्टी सेटलमेंट’ का सिद्धांत भारतीय कानून से अलग है। भारतीय वैवाहिक कानून, खासकर हिंदू मैरिज एक्ट के तहत, इस तरह किसी विशेष संपत्ति या राशि के अनिवार्य ट्रांसफर का सीधा प्रावधान नहीं है, जैसा कि ऑस्ट्रेलियाई अदालत ने निर्देश दिया था। इसी आधार पर दिल्ली कोर्ट ने ऑस्ट्रेलियाई आदेश को भारत में लागू करने योग्य नहीं माना और आयशा मुखर्जी को 5.72 करोड़ रुपये धवन को वापस करने का निर्देश दिया।
धवन को बड़ी राहत
इस फैसले को शिखर धवन के लिए बड़ी कानूनी राहत माना जा रहा है। लंबे समय से चल रहे इस विवाद में अब उन्हें आर्थिक तौर पर राहत मिली है। फिलहाल इस मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया पर सभी की नजरें टिकी हैं।
शिखर धवन का क्रिकेट करियर
शिखर धवन ने अगस्त 2024 में इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। ‘गब्बर’ ने भारत के लिए कुल 34 टेस्ट, 167 वनडे और 68 टी-20 मैच खेले। तीनों फॉर्मेट को मिलाकर धवन के बल्ले से 10,867 रन निकले। अपने इंटरनेशनल करियर के दौरान धवन ने कुल 24 शतक लगाए।
साल 2013 में भारत को चैंपियंस ट्रॉफी जिताने में धवन का रोल काफी अहम रहा था। टूर्नामेंट में खेले 5 मैचों में शिखर ने 90 की औसत से खेलते हुए 363 रन बनाए थे। धवन का रिकॉर्ड खासतौर पर घर से बाहर खेलते हुए सबसे शानदार रहा।