श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड ने बढ़ती भीड़ और लगातार खराब मौसम को देखते हुए श्री माता वैष्णो देवी मंदिर की यात्रा को अस्थायी रूप से स्थगित कर दिया गया है। इस निर्णय से हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही पर फिलहाल रोक लग गई है।
अधिकारियों के अनुसार, कटड़ा क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से लगातार बारिश हो रही है, जिससे रास्तों की स्थिति प्रभावित हुई है और सुरक्षा को लेकर चिंताएं बढ़ गई हैं। इसी के मद्देनज़र एहतियात के तौर पर यह कदम उठाया गया है।
श्राइन बोर्ड ने शनिवार को शाम करीब 4 बजे तक सभी यात्रा पंजीकरण केंद्र अस्थायी रूप से बंद रखने का फैसला किया। इससे पहले करीब 41 हजार श्रद्धालु यात्रा के लिए पंजीकरण करा चुके थे, जिसके कारण क्षेत्र में भारी भीड़ का दबाव बन गया था।
प्रशासन का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मौसम की स्थिति सामान्य होने तथा भीड़ नियंत्रण के बाद ही यात्रा को फिर से शुरू करने पर निर्णय लिया जाएगा। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे प्रशासन के निर्देशों का पालन करें और अनावश्यक रूप से यात्रा स्थल की ओर न बढ़ें।


