अमृतसर के जिला देहात क्षेत्र में थाना खिलचियां पुलिस ने आईएसआई के लिए काम करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान राहुल कुमार के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई खुफिया सूचना और निगरानी के आधार पर की गई। प्रारंभिक जांच में आरोपी की गतिविधियां संदिग्ध पाई गई हैं और उसके कुछ संपर्क सीमा पार तक जुड़े होने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस ने आरोपी के पास से कुछ दस्तावेज और इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं, जिनकी जांच जारी है। इससे यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह किन गतिविधियों में शामिल था और उसका नेटवर्क कितना विस्तृत है।
एसएसपी सुहैल मीर ने बताया कि पुलिस अन्य सुरक्षा एजेंसियों के साथ समन्वय कर आरोपी के संपर्कों की जांच कर रही है। फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और प्राप्त जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि यदि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिले, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।


