जालंधर में BSF हेडक्वार्टर के सामने मंगलवार रात धमाका हुआ। इसमें IED के इस्तेमाल की बात कही जा रही है। इस धमाके की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन खालिस्तान लिबरेशन आर्मी (KLA) ने एक पोस्ट शेयर कर ली है। हालांकि, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पोस्ट में लिखा है कि डीआईजी संदीप गोयल और उनका परिवार टारगेट पर है। इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा।
बता दें जालंधर में पीएपी चौक के पास मंगलवार रात 7:57 बजे स्कूटी के पास धमाका हुआ। सूत्रों के मुताबिक, एक आतंकी पीएपी चौक की ओर से रॉन्ग साइड से पैदल आता दिखा। वह सीधे उस स्थान तक पहुंचा, जहां फुटपाथ पर एक्टिवा खड़ी थी। युवक ने पॅलीथीन में लिपटा पैकेट वहां छोड़ा और बस अड्डे की ओर दौड़ लगा दी। इसके कुछ सेकेंड में धमाका हो गया।
एजेंसियों को आशंका है कि आगे उसका साथी इंतजार कर रहा था और वह किसी वाहन में बैठकर भाग गया। फोरेंसिक टीम को मौके से बम के फटे हिस्से मिले हैं। जालंधर में हुए इस विस्फोट के बाद अमृतसर में भी आर्मी कैंप खासा के गेट नंबर 5 और 6 के बाहर भी रात करीब 11 बजे ग्रेनेड अटैक हुआ।
वहीं जालंधर में जिस एक्टिवा में धमाका हुआ वह बीएसएफ के पूर्व जवान कश्मीर सिंह (गांव गढ़ा) की है। उनका इकलौता बेटा गुरप्रीत सिंह कूरियर बॉय का काम करता है। वह रात को एक्टिवा खड़ी कर हेडक्वार्टर के अंदर पार्सल देने गया था। गुरप्रीत को पुलिस ने बीएसएफ हेडक्वार्टर में हिरासत में ले लिया है।
पोस्ट में लिखा है- 5 मई 2026 को रात 8 बजे पंजाब में जालंधर के फ्रंटियर हेडक्वार्टर BSF एक IED हमला किया गया। खालिस्तान लिबरेशन आर्मी हमले की जिम्मेदारी लेती है, यह हमला ऑपरेशन नवा सवेरा का हिस्सा है, जो कि तब तक जारी रहेगा, जब तक हमारे भाई शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला पूरा नहीं होता और खालिस्तान आजाद नहीं होता।
पोस्ट में आगे लिखा है- एक बार फिर KLA डीआईजी संदीप गोयल को चेतावनी देती है कि आप, आपका परिवार और आपके रिश्तेदार हमारा निशाना हैं। शहीद रणजीत सिंह के खून का बदला आपके करीबियों और प्यारे लोगों के खून से लिया जाएगा। गोयल परिवार ने बहुत सारे अत्याचार किए हैं। हम इतना खून बहाएंगे कि सब कुछ लाल दिखाई देगा। विशेष धमाके की वीडियो जल्द ही जारी की जा रही है।


