पंजाब के जालंधर में बीएसएफ चौक के निकट मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक टू-व्हीलर में अचानक जोरदार धमाका हो गया। हादसे में एक व्यक्ति के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है, जिसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ब्लास्ट इतना तेज था कि दोपहिया वाहन के परखच्चे उड़ गए और मौके पर आग भी लग गई। घटना के तुरंत बाद फायर ब्रिगेड की टीमों ने पहुंचकर आग पर काबू पाया। शुरुआती जानकारी में सामने आया है कि संबंधित वाहन बैटरी से संचालित था और बैटरी फटने के कारण यह हादसा हुआ हो सकता है।
हालांकि, घटनास्थल पर बिखरे मलबे और आसपास के कुछ भवनों के शीशे टूटने की खबर ने मामले को गंभीर बना दिया है। ब्लास्ट की तीव्रता को देखते हुए किसी अन्य संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है।
घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर स्थित पुलिस थाना होने के चलते पुलिस टीमें तुरंत मौके पर पहुंच गईं। पूरे इलाके को बैरिकेडिंग कर सील कर दिया गया है और जांच एजेंसियां हर पहलू से मामले की पड़ताल कर रही हैं। फिलहाल स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है, लेकिन इलाके में दहशत का माहौल बना हुआ है।


